महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर सोमवार को पुलिस द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने किया। इसका उद्देश्य चौराहे पर लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना रहा।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने माइक के माध्यम से दुकानदारों, ठेला चालकों और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य चौराहे से 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सड़क पर बनी सफेद पट्टी के भीतर ही खड़े करें, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो। अभियान के दौरान चौराहे पर फैले अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह सहित परतावल चौकी और श्यामदेउरवा थाना का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और व्यवस्था सुधारने की पहल की सराहना की।


