हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
महराजगंज। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को जय गुरुदेव आश्रम, पकड़ी नौनिया में जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लेकर गुरु पूजन किया तथा आश्रम में आयोजित भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, महराजगंज के मंत्री राम रतन प्रजापति ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। उनके आशीर्वाद, संस्कार और मार्गदर्शन से व्यक्ति अपने जीवन के उद्देश्य को प्राप्त करता है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर सत्य, सेवा, सदाचार और आत्मविश्वास के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था के संस्थापक एवं उत्तराधिकारी पंकज जी महाराज के निर्देशन में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने शाकाहारी जीवन अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज का संदेश है कि मांस एवं मदिरा का त्याग करें तथा किसी भी जीव की हत्या न करें।
कार्यक्रम के दौरान बाबा के भजनों, जिनमें “हे दया मैं दीनबंधु, यह विनय सुन लीजिए, शमन सब पापों का मेरे, आप सब हर लीजिए” सहित अन्य भजनों का गायन किया गया। आश्रम परिसर में शाकाहार और सदाचार का संदेश भी दिया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अनुयायियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज की टीम भी आश्रम पहुंची। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह-2026) के संबंध में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।

