हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड संख्या-17 इंदिरा नगर में प्रस्तावित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भवन के निर्माण कार्य में कथित अवैध अतिक्रमण और विरोध के चलते बाधा उत्पन्न हो गई है। निर्माण एजेंसी की ओर से प्रशासन से सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन ने वार्ड संख्या-17 स्थित गाटा संख्या-948, रकबा 0.049 हेक्टेयर पर होम्योपैथिक चिकित्सालय भवन के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की है। नगर पालिका परिषद द्वारा निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर कथित अवैध कब्जे के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित भूमि पर नेपाल पुत्र नकछेद द्वारा अस्थायी झोपड़ी बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। जब निर्माण एजेंसी के कर्मचारी स्थल की सफाई कराने पहुंचे तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया। शिकायत में यह भी आरोप है कि 10 से 15 लोगों ने एकजुट होकर सरकारी निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया और निर्माण कार्य नहीं होने दिया।
निर्माण एजेंसी का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व सरकारी भूमि पर कब्जा बनाए रखने के उद्देश्य से निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासन से अतिक्रमण हटवाकर सुरक्षा के बीच निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत चिकित्सालय भवन का निर्माण समय से पूरा कराया जा सके।


