ज्ञापन के बाद जागा प्रशासन, बटौरा-जनकपुर सड़क की जांच करने पहुंचे अवर अभियंता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

बटौरा से जनकपुर तक एक किलोमीटर सड़क पक्की कराने की मांग पर हुई जांच, शासन को भेजी जाएगी कार्ययोजना



महराजगंज। सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत बागापार के टोला बटौरा से जनकपुर तक करीब एक किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क को पक्की कराने की ग्रामीणों की मांग अब प्रशासनिक जांच के चरण तक पहुंच गई है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनहित संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन के क्रम में बृहस्पतिवार को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) के अवर अभियंता निखिल गुप्ता मौके पर पहुंचे और सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया।


अवर अभियंता ने मौके पर सड़क की स्थिति, ग्रामीणों की आवाजाही और निर्माण की आवश्यकता का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि उनकी मांग के आधार पर स्थलीय जांच की गई है। अब इसकी कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।


ग्रामीणों का कहना है कि बटौरा से जनकपुर को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से कच्ची होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन में भारी दिक्कत पैदा करती है। मार्ग के पक्के होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और गांवों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन, संतोष यादव, रामहरख साहनी, धर्मेंद्र यादव, अंगद मौर्य, हीरालाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *