बरगदवा चौराहे की क्षतिग्रस्त पुलिया बनी हादसों की वजह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पानी फैलने से राहगीरों को हो रही परेशानी, ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन

जल्द मरम्मत नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर देंगे धरना : ग्राम प्रधान

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

परतावल (महराजगंज)। परतावल ब्लॉक के बरगदवा चौराहे पर भटहट-पनियरा मार्ग स्थित नहर पुलिया जर्जर होकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया से लगातार नहर का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बेहद जोखिमभरा हो गया है। स्कूली बच्चों, बाइक सवारों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब तक कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।

यह मार्ग मंगलपुर, सुमेरगढ़, नटवा जंगल, भटहट, बड़हरा, बराईपार सहित दर्जनों गांवों को पनियरा से जोड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह एकमात्र मुख्य मार्ग है जो इन गांवों की जीवनरेखा है। बावजूद इसके पुलिया की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की मरम्मत को लेकर जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया। ग्राम प्रधान सुदामा प्रसाद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर धरना देने को बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में मनीष सिंह, बजरंगी पाल, शेखर यादव, अमित सिंह, रामसनेही गुप्ता, नर्मदा गुप्ता, बृजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *