32 स्लॉट का SIM बॉक्स, 151 सक्रिय सिम, फर्जी आधार कार्ड समेत कई उपकरण बरामद, एसपी ने टीम को ₹25 हजार पुरस्कार देने की घोषणा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 29 जुलाई। महराजगंज पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी SIM Box तकनीक के जरिए इंटरनेट (VoIP) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाता था, जिससे साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड समेत अन्य अपराधों को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड/हॉटस्पॉट अभियान के तहत साइबर थाना, एसओजी, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को वांछित आरोपी मो. नबीश (28 वर्ष) पुत्र मो. शाबिर, निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जनपद मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि आरोपी विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के नाम पर फर्जी अथवा अन्य लोगों के दस्तावेजों से प्राप्त सक्रिय सिम कार्डों का उपयोग कर SIM Box संचालित करता था। इसके माध्यम से विदेशों से आने वाली इंटरनेट कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में परिवर्तित कर उनकी वास्तविक पहचान छिपाई जाती थी। इससे दूरसंचार कंपनियों को राजस्व की हानि होने के साथ-साथ साइबर अपराधियों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन ठगी करने में आसानी मिलती थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 स्लॉट का SIM Box, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो कीपैड मोबाइल फोन, तीन LAN केबल, दो पावर एडॉप्टर, एक वाई-फाई राउटर, दो फर्जी आधार कार्ड तथा एक काला बैग बरामद किया है।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना महराजगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 तथा आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस महत्वपूर्ण सफलता पर कार्रवाई करने वाली पूरी पुलिस टीम को ₹25 हजार के नगद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी की जानकारी तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाना/साइबर थाना को दें।

