चार दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, बीडीओ को एसडीएम ने दिए सख्त आदेश
हर्षोदय टाइम्स/सुनील मणि त्रिपाठी
धानी/महराजगंज। धानी बाजार में लंबे समय से व्याप्त गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था से नाराज व्यापारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। धानी व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलराम अग्रहरी एवं सचिव अभिषेक अग्रहरी के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह करीब 10 बजे अधिकांश व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।
व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए धानी बाजार से जुलूस निकाला और ब्लॉक परिसर पहुंचकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान ब्लॉक गेट पर जमकर प्रदर्शन करते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
व्यापारियों का आरोप था कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में नियमित नालियों की सफाई, कूड़ा उठान तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते बाजार और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में उपजिलाधिकारी फरेंदा प्रेमशंकर पांडेय एवं नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बाजार का पैदल निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी धानी माधुरी देवी को चार दिनों के भीतर बाजार की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव को लापरवाही पर फटकार लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन में प्रदीप अग्रहरी, श्याम सुंदर अग्रहरी, अशोक अग्रहरी, राकेश अग्रहरी, शंकर अग्रहरी, दीपक अग्रहरी, पंकज अग्रहरी, नीरज अग्रहरी, रितेश गुप्ता, मनोज सैनी, राज वर्मा, धारा वर्मा, सपा नेता रमेश सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

