सावन के पहले दिन पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में उमड़ा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा मिनी बाबा धाम, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

निचलौल/महराजगंज। भगवान शिव की आराधना के पावन सावन मास की शुरुआत गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई। सावन के पहले दिन निचलौल क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया (मिनी बाबा धाम) में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे शिवभक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

मंदिर परिसर पूरे दिन “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए शांतिपूर्वक दर्शन-पूजन करते नजर आए। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने सावन मेले की भव्यता का अहसास करा दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और जलाभिषेक की व्यवस्थाओं को पहले ही दुरुस्त कर लिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, सड़क और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
पूरे मेले के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन कर सकें।

इस वर्ष सावन मास में चार सोमवार पड़ रहे हैं। पहला सोमवार 3 अगस्त, दूसरा 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा व अंतिम सोमवार 24 अगस्त को होगा। सावन मास का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के साथ होगा।
सावन के पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से स्पष्ट है कि आने वाले सोमवारों और पूरे सावन माह में पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर वातावरण ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *