विशेष लोक अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण की दी जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं पर भी हुई चर्चा
महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स) । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज की ओर से बुधवार को पकड़ी नौनिया स्थित जय गुरूदेव आश्रम में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय सर्वोच्च न्यायालय के मार्गदर्शन में चल रहे “समाधान समारोह-2026” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में सुप्रीम कोर्ट सहित विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे अपने पात्र मामलों का निस्तारण विशेष लोक अदालत के माध्यम से कराकर समय और धन दोनों की बचत करें।
कार्यक्रम में अधिकार मित्र राघवेंद्र प्रताप सिंह, पंकज यादव, आशीष कुमार, श्याम बदन विश्वकर्मा, अनूप चौधरी, नूपुर पटेल, साधन, खुशी एवं पूर्णिमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

धानी संवाददाता : सुनील मणि त्रिपाठी

