बागापार में पशु चिकित्सालय की मांग हुई तेज, डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। सदर विकास खंड के बागापार क्षेत्र में राजकीय पशु चिकित्सालय स्थापित किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में शीघ्र पशु चिकित्सालय अथवा पशु चिकित्सा केंद्र खोले जाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि बागापार सहित आसपास के अधिकांश ग्रामीण परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं। गाय, भैंस, बकरी समेत अन्य पशुओं के बीमार होने पर समय पर उपचार और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध न होने से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार इलाज में देरी के कारण पशुओं की मौत तक हो जाती है।

रवींद्र जैन ने कहा कि क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका, गलघोंटू, लंगड़िया, थनैला, मिल्क फीवर, चेचक, निमोनिया जैसी बीमारियों से पशुओं की सुरक्षा के लिए नियमित चिकित्सा सेवाएं और समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है। लेकिन स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सालय नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे विशेषकर छोटे और सीमांत पशुपालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से बागापार में राजकीय पशु चिकित्सालय स्थापित कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे बागापार, बेलवाकाजी, बरगदवा राजा, केवलापुर खुर्द, परासखांड़, विजयपुर, बड़हरा राजा, कटहरा समेत आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा और पशुधन की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक जायसवाल, रामहरख, भुलई, धर्मेंद्र यादव, रोहित प्रसाद, अवधेश कुमार, मिथिलेश सिंह, संतोष यादव सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *