महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में गोरखपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना परतावल के टिमटिमवापुर टोले के पास बुधवार रात करीब 7:30 बजे की है। परसा उर्फ परसौना गांव निवासी जितेंद्र निषाद बाइक से परतावल से श्यामदेउरवां की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया। डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है।

बताया जाता है कि जितेंद्र निषाद परिवार के भरण-पोषण के लिए विदेश में काम करते थे और बुधवार सुबह ही घर लौटे थे। वह विदेश से लाए सामान को अपने मामा के घर अमवा पहुंचाकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पत्नी सुनीता, बेटे शिवम व आर्यन सहित अन्य परिजन सीएचसी परतावल पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


