हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के डेरवा गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरने के कारण एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेरवा निवासी दुर्विजय गोंड शुक्रवार रात करीब नौ बजे गर्मी से राहत पाने के लिए अपने मकान की छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परतावल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव के लोग भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गए।
दुर्विजय गोंड के असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

