नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 2570 किलो विदेशी अखरोट से भरा ट्रक पकड़ा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 27 अप्रैल। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सोनौली थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी अखरोट बरामद किया है।


जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा/फरेन्दा अनिरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास, भारत की ओर लगभग 10 मीटर अंदर, संयुक्त टीम ने नेपाल से आ रहे एक ट्रक (RJ 14 GJ 5722) को रोककर तलाशी ली।


तलाशी के दौरान ट्रक में बनाए गए एक विशेष केबिन से 103 बोरियों में रखा कुल 2570 किलोग्राम विदेशी अखरोट बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि ट्रक काठमांडू से दिल्ली की ओर जा रहा था। ट्रक चालक की पहचान हरियाणा निवासी साहिब खान के रूप में हुई है।


पुलिस ने बरामद अखरोट और ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया है।


इस संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी के सहायक कमांडेंट सैफवान एन. के नेतृत्व में टीम तथा पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक गौरव यादव व अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।


सीमा पर तस्करी रोकने के लिए महराजगंज पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *