पारिवारिक विवाद की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा; मामले की जांच जारी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव में एक 38 वर्षीय महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान निरंजना त्रिपाठी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे निरंजना त्रिपाठी अपने कमरे में चली गई थीं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना देर रात पुलिस को दी गई। रात करीब 11:30 बजे परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौजूद रहे। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद देर शाम गांव के नहर किनारे स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस घटना के बाद मृतका की तीन बेटियां मां के साये से वंचित हो गईं। जुड़वां बेटियों वैष्णवी और जानवी अलग-अलग रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई कर रही हैं, जबकि सबसे छोटी बेटी अच्छू अपनी मां के साथ रहती थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्ष मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

