बिजली के करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, गांव में पसरा मातम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुर खुर्द गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बिशुनपुर खुर्द निवासी अय्यूब (45) पुत्र तज्जमुल हुसैन सोमवार करीब 12 बजे अपने घर के सामने स्थित बिजली के पोल के पास मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना के संबंध में मृतक के भाई आरिफ अली शाह ने भिटौली थाने में प्रार्थना पत्र देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *