चोरी के चार मोबाइल, चार मदरबोर्ड और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद
हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना पुलिस ने बसंतपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार मोबाइल मदरबोर्ड तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को बसंतपुर बाजार स्थित ए टू जेड मोबाइल दुकान से अज्ञात चोर चार एंड्रॉयड मोबाइल और चार मोबाइल मदरबोर्ड चोरी कर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना घुघली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
12 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी के Honor, Realme, Samsung और Infocus कंपनी के चार मोबाइल, चार मदरबोर्ड तथा घटना में प्रयुक्त TVS Raider और Hero HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय वर्मा, रेजानूर अली और विवेक वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक शाहिद शिद्दीकी सहित घुघली थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

