‘प्रोजेक्ट पहचान’ से संवरेंगे नन्हे भविष्य, जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों की होगी विशेष स्वास्थ्य जांच
महराजगंज। जिले के बच्चों को जन्मजात और विकास संबंधी बीमारियों से समय रहते बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट पहचान’ नामक विशेष अभियान शुरू किया है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत जन्म से छह वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य जांच कर 28 प्रकार के जन्मजात एवं विकास संबंधी विकारों की पहचान की जाएगी, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान के अंतर्गत न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट, डाउन सिंड्रोम, कटे होंठ एवं तालू, क्लब फुट, जन्मजात हिप विकार, जन्मजात मोतियाबिंद, बहरापन समेत कई गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। शुरुआती चरण में जिले भर में करीब 250 कर्मियों को इस कार्य में लगाया गया है।
जिला प्रशासन जल्द ही आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देगा। प्रशिक्षण के बाद ये कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बच्चों की पहचान और स्वास्थ्य स्क्रीनिंग का कार्य करेंगे, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सके।
अभियान की प्रभावी निगरानी और प्रत्येक बच्चे का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित किया जाएगा। स्क्रीनिंग के दौरान यदि किसी बच्चे में कोई जन्मजात या विकास संबंधी विकार पाया जाता है तो उसे विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास रेफर किया जाएगा, जहां जांच से लेकर उपचार तक की सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप शिक्षा और पुनर्वास सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे सामान्य बच्चों की तरह बेहतर जीवन और शिक्षा प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट पहचान’ बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में जिले की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

