महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव निवासी मकालू यादव का शव घोंघी नदी में डूबने के लगभग 24 घंटे बाद सिद्धार्थनगर जिले के लोटन कोतवाली क्षेत्र के राजपुर टोला कोमरवा के पास बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मकालू यादव एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। इस दौरान घोंघी नदी में स्नान करते समय वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही दोनों जिलों की पुलिस, स्थानीय गोताखोर, एनडीआरएफ और पीएसी की टीम ने नदी में लगातार करीब 24 घंटे तक सर्च अभियान चलाया।
लंबी तलाश के बाद सोमवार को उनका शव सिद्धार्थनगर जिले के राजपुर टोला कोमरवा के पास नदी में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से बड़गो गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घोंघी नदी की इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

