परतावल चौकी के सामने सड़क हादसा, चार वर्षीय बच्ची समेत चार घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


अचानक सड़क पर आए व्यक्ति से टकराई बाइक, पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित परतावल पुलिस चौकी के सामने सोमवार शाम करीब चार बजे हुए सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पनेवा- पनेई गांव निवासी रुबीना (26), सदीकुन निशा और चार वर्षीय सालेहा खातून बरगदही मजार से दर्शन कर एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बाइक पर चालक के अलावा दो महिलाएं और एक बच्ची सवार थीं। जैसे ही उनकी बाइक परतावल चौकी के सामने पहुंची, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पास से कोटवा निवासी करीमुल्लाह उर्फ कल्ला अचानक सड़क पर आ गया। इससे बाइक सीधे उससे टकरा गई और सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।


दुर्घटना में करीमुल्लाह उर्फ कल्ला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चार वर्षीय सालेहा खातून के सिर पर भी चोट लगी। बाइक सवार रुबीना और सदीकुन निशा भी घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल करीमुल्लाह उर्फ कल्ला कथित रूप से शराब के नशे में था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *