हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 8 जुलाई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर तीन दुकानों से मसालों के नमूने संग्रहित किए। वहीं आवश्यक विवरण अंकित न होने पर 178 किलोग्राम साबुत जीरा सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ, जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अभियान चलाया। टीम ने महराजगंज स्थित रामसनेही जनरल स्टोर से सुभाष ब्रांड हल्दी पाउडर, निचलौल के ठूठीबारी रोड स्थित अनिल ट्रेडर्स से कैच ब्रांड धनिया पाउडर तथा ठूठीबारी स्थित सत्यम जनरल स्टोर से बावर्ची ब्रांड धनिया पाउडर एवं साबुत जीरा का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।
निरीक्षण के दौरान सत्यम जनरल स्टोर पर रखे बावर्ची ब्रांड साबुत जीरा के पैकेट पर आवश्यक जानकारी अंकित नहीं मिली। इस पर विभागीय टीम ने लगभग 178 किलोग्राम जीरा, जिसकी अनुमानित कीमत 35,600 रुपये है, को सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।


