10 दिन बाद मायके से लौटी महिला ने देखा बिखरा पड़ा घर, गद्दे तक फाड़कर खंगाला; पुलिस जांच में जुटी
नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा कस्बे के राहुल नगर मोहल्ले में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। करीब दस दिन बाद मायके से लौटी गृहस्वामिनी ने जब घर का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और चोर कीमती सामान समेटकर फरार हो चुके थे।
राहुल नगर निवासी शबनम खातून, पत्नी सिराजुद्दीन, ने बताया कि वह लगभग दस दिन पहले अपने मायके पटखौली गई थीं। बुधवार शाम करीब चार बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की गई थी। ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर की बारीकी से तलाशी ली थी। यहां तक कि गद्दों को भी चाकू से फाड़कर उनके भीतर रखे सामान की तलाश की गई।
पीड़िता के अनुसार बदमाश घर से दो स्टैंड फैन, एक साइकिल, दो भरे हुए गैस सिलेंडर, चावल, शादी-ब्याह में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, गहने सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कस्बे के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

