महराजगंज को 208 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मुख्यमंत्री ने 79 परियोजनाओं का किया लोकार्पण- शिलान्यास, कहा  पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकला जनपद

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को महराजगंज जनपद के दौरे के दौरान 208 करोड़ रुपये लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चाभी, चेक, कृषि यंत्र, टूलकिट तथा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण से जुड़े स्टॉलों का भी अवलोकन किया।


जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में महराजगंज सहित पूरा पूर्वांचल तेजी से बदला है और अब यह क्षेत्र पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकलकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि नौतनवा, गोरखपुर और ठूठीबारी को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से हो रहा है, जिससे लोगों की यात्रा आसान हुई है। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग, रोहिन बैराज और बनैलिया देवी मंदिर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।


मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच “रोटी-बेटी” का रिश्ता सदियों पुराना है। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है ताकि नागरिकों को आवागमन और सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो।


उन्होंने कहा कि एक समय जेई और एईएस जैसी बीमारियों के कारण पूर्वांचल के बच्चों की मौत चिंता का विषय थी, लेकिन सरकार के लगातार प्रयासों से अब इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने महराजगंज के बच्चों को इस गंभीर बीमारी से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है।


वनटांगिया गांवों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गांवों को बीते वर्षों में पहचान और अधिकार दिलाए गए हैं। अब इन गांवों के लोगों को राशन कार्ड, मतदाता सूची और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है तथा उन्हें राजस्व ग्रामों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने में गर्व महसूस करता है। उन्होंने बताया कि महराजगंज के सैकड़ों युवाओं ने हाल की पुलिस भर्ती में सफलता प्राप्त कर प्रदेश पुलिस में अपनी जगह बनाई है।


उन्होंने लोगों से खाद्यान्न, बिजली, पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील करते हुए किसानों को रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग और जैविक खाद को बढ़ावा देने की सलाह दी। साथ ही खाद्यान्न की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।


इससे पूर्व नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान विधायक के गृह प्रवेश एवं अखंड रामायण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।


इस कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *