हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिला मुख्यालय के व्यस्ततम इलाकों में शामिल नगर तिराहा स्थित सक्सेना चौक पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली की तार अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरी। संयोग अच्छा रहा कि मौके पर मौजूद एक बाइक सवार ने फुर्ती दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक बिजली लाइन में चिंगारी उठी और देखते ही देखते तार टूटकर मुख्य सड़क पर गिर गई। घटना के समय एक युवक बाइक से उसी मार्ग से गुजर रहा था। तार गिरते देख उसने तुरंत बाइक छोड़ दी और सुरक्षित दूरी पर पहुंच गया। कुछ ही क्षणों में आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया ताकि कोई व्यक्ति बिजली की चपेट में न आ सके।
नगर चौकी प्रभारी विजय गोंड ने बताया कि घटना की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई थी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति नियंत्रित की और टूटी हुई तार को हटाने के साथ मरम्मत कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने अथवा जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से पुराने और जर्जर बिजली तारों का सर्वे कर समय रहते उनकी मरम्मत एवं बदलाव की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

