हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
घुघली/महाराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा गांव में मंगलवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ग्रामीणों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को खंडित अवस्था में पाया। अराजक तत्वों द्वारा बीती रात की गई इस हरकत से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
सुबह लगभग 10 बजे घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सूचना पर घुघली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घुघली थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से नई मूर्ति स्थापित कर दी गई है और गांव में माहौल पूरी तरह शांत है। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

