हाई मास्ट लगी, पर रोशनी नहीं; अंधेरे में डूबा सिसवा मुंशी चौराहा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


तकनीकी खराबी से कई दिनों से बंद पड़ी लाइट, राहगीरों में हादसे का डर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


सिसवा मुंशी/ महराजगंज। सिसवा मुंशी चौराहे पर नगर निगम द्वारा लगाई गई हाई मास्ट लाइट शोपीस बनकर रह गई है। लाइट स्थापित होने के बावजूद पिछले कई दिनों से एक भी बल्ब नहीं जल रहा, जिससे शाम ढलते ही पूरा चौराहा अंधेरे में डूब जाता है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम करीब सात बजे के बाद चौराहे पर पर्याप्त रोशनी न होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बाइक सवार, रिक्शा चालक और पैदल राहगीर सावधानी से गुजरने को मजबूर हैं। एक दुकानदार ने बताया कि हाई मास्ट लाइट तो लगा दी गई, लेकिन उसके बंद रहने से इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।


चौराहे के आसपास विद्यालय, बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण शाम के समय लोगों की आवाजाही काफी रहती है। इसके बावजूद हाई मास्ट लाइट के बंद रहने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से मामला उठाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका।


इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण हाई मास्ट लाइट बंद है। जल्द ही मरम्मत कराकर इसे चालू कराया जाएगा।


क्षेत्रवासियों ने विभाग से शीघ्र लाइट चालू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *