पुलिया निर्माण से सड़क बंद, 10 दिनों से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज–चिउरहा–रामपुर बुजुर्ग–बागापार मार्ग पर आवागमन ठप, डायवर्जन न होने से लोगों में नाराजगी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज जिले के सदर तहसील क्षेत्र में महराजगंज से चिउरहा, रामपुर बुजुर्ग होते हुए बागापार जाने वाले मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य के चलते पिछले करीब दस दिनों से आवागमन पूरी तरह बाधित है। सड़क बंद होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है।


जानकारी के मुताबिक बागापार खास के दक्षिण दिशा में सड़क पर पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होते ही संबंधित मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया। हालांकि कार्यदाई संस्था की ओर से दोपहिया और छोटी चार पहिया गाड़ियों के लिए भी कोई अस्थायी मार्ग या डायवर्जन की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों से आवागमन करते हैं। वहीं छात्र-छात्राएं भी स्कूल और कॉलेज आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा किसान भी खेतों तक पहुंचने के लिए इसी सड़क पर निर्भर रहते हैं।


मार्ग बंद होने के कारण लोगों को अब दूसरे रास्तों से होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया निर्माण शुरू करते समय कार्यदाई संस्था को पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि कम से कम छोटी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों का आवागमन जारी रह सके।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण पूरा होने तक अस्थायी डायवर्जन बनाकर दोपहिया और छोटे वाहनों के आवागमन की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की भी मांग उठाई है, ताकि लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *