(परतावल) महाराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जदू-पिपरा में शरीर में बाइक छूने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मालूम हो कि पीड़ित रविउल्लाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे उनका पुत्र अशफाक खान घर से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान गांव निवासी नसीबुल्लाह तेज गति से बाइक लेकर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि बाइक अशफाक के शरीर से छू गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
रविउल्लाह का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते नसीबुल्लाह ने अपने भाई एवं ग्राम प्रधान जमिरूल्लाह तथा नेसार को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों लाठी-डंडा लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने रविउल्लाह के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं रविउल्लाह की पत्नी सितारा खातून और पुत्र अशफाक खान को भी आरोपियों ने पीट दिया। घटना में तीनों घायल हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
प्रभारी निरीक्षक भिटौली सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि रविउल्लाह की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान जमिरूल्लाह, नसीबुल्लाह और नेसार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

