हर्षोदय टाइम्स | अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। मोहर्रम की 10वीं तारीख पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद सिसवा में गम और अकीदत के माहौल के बीच ताजिया जुलूस निकाला गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विभिन्न मोहल्लों से आकर्षक ढंग से सजाए गए ताजियों को निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला तक ले जाया गया, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के अकीदतमंदों के साथ अन्य समुदायों के लोग भी शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली। “या हुसैन” की सदाओं के बीच लोगों ने कर्बला के शहीद हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक लाठी एवं अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मोहर्रम जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जिससे पूरा जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कर्बला में ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद अकीदतमंदों ने देश और प्रदेश में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे नगर में मोहर्रम का पर्व धार्मिक श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


