दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पति और सास हिरासत में

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में पति और सास को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित जंगल पकड़ी गांव निवासी श्रीमती कमलावती पत्नी चन्द्रिका ने श्यामदेउरवा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री बंदना की शादी वर्ष 2023 में बासपार कोठी निवासी अच्छेलाल से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास, ननद, ननदोई तथा अन्य परिजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बंदना को प्रताड़ित करते थे।


तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 23 जून 2026 को दहेज की मांग को लेकर बंदना की हत्या कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 दर्ज किया है। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है।


पुलिस ने मामले में अच्छेलाल पुत्र मगरू (पति), भुअरी पत्नी मगरू (सास), रक्षा पुत्र मगरू (भसुर/देवर), मीना (ननद) तथा गुलाब (ननदोई) को नामजद किया है। इनमें पति अच्छेलाल और सास भुअरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में की जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *