दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना का आरोप, पुलिस से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर की एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


महिला का कहना है कि विवाह के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता रहा। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि स्वयं सहायता समूह से उसके नाम पर लिए गए ऋण की धनराशि का उपयोग ससुराल पक्ष ने अपने हित में कर लिया।


शिकायत में महिला ने बताया कि उसके दो नाबालिग बच्चों को भी उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने साथ ले जाया गया है, जिससे वह काफी परेशान है। मामले को लेकर उसने पुलिस से न्याय दिलाने और बच्चों को वापस दिलाने की मांग की है।


इस संबंध में भिटौली थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *