हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में पंखे की कुंडी से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
श्यामदेउरवा थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा प्राप्त तहरीर और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

