हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने मंगलवार को थाना घुघली एवं थाना भिटौली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान ताजिया जुलूस के प्रस्तावित मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम रामपुर बल्डीहा तथा थाना भिटौली क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर देउरवा में भ्रमण कर जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों, संभ्रांत व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। मोहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि महराजगंज पुलिस जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर सक्रिय और सजग है।

