चकबंदी में अनियमितताओं का आरोप, किसानों ने किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में समरधीरा चौराहे पर जुटे किसान, कार्रवाई की मांग


आनन्दनगर/महराजगंज। ग्राम सभा खालिकगढ़ (ब्लॉक लक्ष्मीपुर, तहसील नौतनवा) में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को किसानों ने समरधीरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में किसानों ने चकबंदी विभाग पर जमीनों में हेराफेरी, किसानों की सहमति के बिना कब्जा परिवर्तन तथा धनादोहन के आरोप लगाए।


प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया में उनकी सहमति के बिना खेतों का कब्जा बदला जा रहा है तथा उड़ान चक लगाकर वास्तविक रकबे से कम भूमि आवंटित की जा रही है। किसानों का आरोप है कि रोहिन नदी के दोनों किनारों पर उनकी भूमि पर बिना उचित मुआवजे के बांध का निर्माण कराया गया था और अब बची हुई जमीनों में भी कटौती की जा रही है।


किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए गरीब किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिससे गांव में नए विवाद और मुकदमेबाजी की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि चकबंदी प्रक्रिया में कब्जा परिवर्तन की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए तथा नए और पुराने नक्शों, खसरा और खतौनी का मिलान कर किसानों की सहमति से विसंगतियों का निस्तारण कराया जाए। साथ ही प्रत्येक किसान की शिकायत की गांव स्तर पर सुनवाई, चकरोड की चौड़ाई 15 से 20 कड़ी किए जाने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई, सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए पिलर लगाने तथा बांध निर्माण से प्रभावित किसानों को कटौती से मुक्त रखते हुए पट्टा दिए जाने की मांग की।


किसानों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि 18 जून तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 19 जून से चकबंदी कार्यालय पर गांधीवादी तरीके से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।


प्रदर्शन में सूर्यमन निषाद, लीलावती, हरिलाल, ओम प्रकाश, अंगद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *