नेपाल में बेचने ले जा रहा था चोरी की मोटरसाइकिल, पुलिस ने धर दबोचा
महराजगंज। श्यामदेउरवा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी चोरी की बाइक को नेपाल में बेचने ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में श्यामदेउरवा पुलिस ने कार्रवाई की। शनिवार को चौकी प्रभारी परतावल उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय अपनी टीम के साथ धरमौली नहर से भैसा पुल जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान धरमौली पुल से करीब 200 मीटर आगे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर जांच की गई।
पूछताछ में उसकी पहचान जितेन्द्र साहनी पुत्र लाठी उर्फ तुफानी (45 वर्ष), निवासी चैनपुर, थाना कोठीभार के रूप में हुई। जांच में बरामद मोटरसाइकिल (यूपी 56 एएम 4043) चोरी की निकली। यह बाइक 15 जून को छातीराम स्थित देशी शराब भट्ठी के पास से चोरी हुई थी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचता है। बरामद बाइक को भी वह नेपाल ले जाकर बेचने की फिराक में था।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर समेत विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ श्यामदेउरवा थाने में मुकदमा संख्या 184/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी टीम को मिली सफलता
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे, कांस्टेबल राजू यादव, विकास यादव, मनीष सिंह, पंकज यादव तथा आशीष यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

