ससुराल में फंदे से लटका मिला युवक, संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के बसंतपुर राजा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसकी पत्नी के मायके स्थित घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी से मिलने बसंतपुर राजा गांव स्थित ससुराल आया हुआ था। रविवार सुबह परिजनों ने उसे घर के एक कमरे में फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।


सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। ऐसे में आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी तथा ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *