हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली /महराजगंज। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना घुघली पुलिस द्वारा शनिवार को ग्राम पकड़ियार विशुनपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
सम्मेलन में महिला उपनिरीक्षक रुचि के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल अंजलि, गुड़िया एवं वंदना सरोज ने भाग लिया। कार्यक्रम में गांव की लगभग 30 महिलाओं एवं किशोरियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा एवं अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बालिकाओं को बिना बताए घर छोड़कर जाने की बढ़ती घटनाओं पर जागरूक करते हुए इसके संभावित दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 पुलिस आपात सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन तथा 102/108 एंबुलेंस सेवा के बारे में विस्तार से बताया गया।
ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कई बार संकोचवश वे थाने नहीं पहुंच पाती हैं, लेकिन हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से अब वे घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। उन्होंने कहा कि समय रहते शिकायत करने से कई गंभीर अपराधों को रोका जा सकता है।

