हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोठीभार परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी निचलौल एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल ने की।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया गया।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
थाना कोठीभार पुलिस ने भी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


