विदेशी नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, तीन युवकों से रुपये व पासपोर्ट लेने का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


वीजा-टिकट के नाम पर 4.20 लाख रुपये वसूले, कई बार यात्रा तिथि बदलकर किया गुमराह; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर तीन युवकों से लाखों रुपये और उनके पासपोर्ट लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार निवासी शत्रुध्न मद्धेशिया, अर्जुन कुमार और कृष्ण मोहन शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैना निवासी विशाल पाण्डेय ने उन्हें विदेश भेजने और वहां रोजगार उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे में आकर तीनों ने उसे अपने पासपोर्ट और निर्धारित धनराशि सौंप दी।


पीड़ितों के मुताबिक शत्रुध्न मद्धेशिया से 1.34 लाख रुपये, अर्जुन कुमार से 1.39 लाख रुपये तथा कृष्ण मोहन शर्मा से 1.47 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि टिकट और वीजा उपलब्ध कराने का दावा करते हुए कई बार यात्रा की तारीख तय की गई, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से टिकट निरस्त कर दी गई।


जब युवकों ने विदेश भेजने की प्रक्रिया और अपने रुपये के संबंध में जानकारी मांगी तो उन्हें अलग-अलग कारण बताकर टाल दिया गया। बाद में रुपये और पासपोर्ट लौटाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो धनराशि वापस की गई और न ही पासपोर्ट लौटाए गए। शिकायतकर्ताओं ने विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए श्यामदेउरवा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *