वीडियो संदेश जारी कर पुत्र को संपत्ति से बेदखल करने की घोषणा, भविष्य की गतिविधियों से खुद को किया अलग
महराजगंज जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसवनिया खुर्द (पोस्ट-सेमरा महराज) से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक दंपति अपने पुत्र से सभी पारिवारिक संबंध समाप्त करने तथा उसे चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने की घोषणा करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में राजमन नामक व्यक्ति ने कहा है कि उनका अपने पुत्र दुर्गेश से अब कोई संबंध नहीं रह गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भविष्य में दुर्गेश द्वारा किए जाने वाले किसी भी कार्य, गतिविधि अथवा घटना के लिए वे और उनका परिवार जिम्मेदार नहीं होंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यदि पुत्र किसी प्रकार का अनुचित कदम उठाता है तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं उसी की होगी।
जानकारी के अनुसार, यह मामला पारिवारिक मतभेदों से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद के चलते माता-पिता ने सार्वजनिक रूप से वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया है। वीडियो में उन्होंने जिला प्रशासन को भी संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य में उनके पुत्र के किसी भी कार्य से परिवार का कोई संबंध नहीं माना जाए।
वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पारिवारिक विवाद के पीछे के वास्तविक कारणों तथा पूरे मामले की परिस्थितियों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं।
फिलहाल, यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग वीडियो के पीछे की वास्तविक वजह जानने को उत्सुक हैं।

