हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले में सोमवार तड़के त्रिमोहानी घाट के पास पुलिस और अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ ने सनसनी फैला दी। नेपाल से संचालित इस गिरोह के दो सदस्यों में से एक पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी भागने की कोशिश में दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसओजी, स्वाट, कोतवाली और भिटौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोरों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने रुकने के संकेत पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तत्पर कार्रवाई में फैजाबाद निवासी आशीष निषाद (32) को गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। उसका साथी दीना नाथ निषाद (28), जो नेपाल का रहने वाला है, मौके से भाग न पाकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने घटनास्थल से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है जबकि गिरफ्तार आरोपी से गिरोह के नेपाल नेटवर्क और स्थानीय सहयोगियों के बारे में पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह महराजगंज, गोरखपुर और संतकबीर नगर में कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी गई है।

