हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संगठन, जनपद महराजगंज के तत्वावधान में शुक्रवार को शंकर वाटिका में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पूर्व प्रतिनिधि भरथ शुक्ला और काशीनाथ सिंह का फूल-मालाओं व जयघोष के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने बताया कि हाल ही में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था, जहां ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है, जिससे रोजगार सेवकों में नई उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण विकास व्यवस्था की अहम कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समाधान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेकर रोजगार सेवकों को राहत देने की मांग की।
इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुटता दिखाते हुए अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


