रील पोस्ट करने का मामला, क्षेत्राधिकारी निचलौल को सौंपी गई जांच
महराजगंज, 10 जून। महराजगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए पीआरवी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल चालक को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी निचलौल को सौंप दी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो/रील का संज्ञान लेते हुए जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि थाना घुघली क्षेत्र के अंतर्गत पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल चालक शिव प्रकाश गौड़ ने विभागीय सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील पोस्ट की थी।
मामले को पुलिस विभाग की अनुशासनात्मक व्यवस्था और छवि से जुड़ा मानते हुए संबंधित हेड कांस्टेबल के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए क्षेत्राधिकारी निचलौल को नामित किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान पुलिस की वर्दी, कार्यप्रणाली अथवा विभागीय छवि को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की रील या सोशल मीडिया पोस्टिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

