महराजगंज, 10 जून। पुलिस कार्यालय महराजगंज में क्षेत्राधिकारी निचलौल अनिरुद्ध कुमार के स्थानांतरण के अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने क्षेत्राधिकारी निचलौल के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और आगामी दायित्वों में निरंतर सफलता की कामना की।
विदाई समारोह का माहौल भावनात्मक एवं आत्मीय रहा। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अनिरुद्ध कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके नए कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

