धानी ब्लॉक क्षेत्र में अज्ञात लोगों की करतूत से दुकानदारों में आक्रोश, ग्रामीणों ने की कड़ी निंदा
हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
फरेंदा/महराजगंज। फरेंदा तहसील के धानी ब्लॉक अंतर्गत बेलसड़ गांव के पास बेलसड़ से पेड़ारी जाने वाले मार्ग पर स्थित भुवई पुल के निकट कई वर्षों से दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे दुकानदारों की दुकानों को अज्ञात लोगों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भुवई पुल के पास राम सुभग यादव की सुर्ती, पान, कचरी, बिस्कुट एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकान, पप्पू यादव की सब्जी की दुकान तथा अरविंद चौहान की मेडिकल स्टोर समेत अन्य दुकानों में देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा समूह द्वारा आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने आगजनी की इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन यही दुकानें थीं, जिनके जल जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बेलसड़-पेड़ारी मार्ग पर दुकानों में लगाई आग, लाखों का सामान जलकर राख

