जमीन के सौदे को लेकर बढ़ा विवाद, बातचीत करने पहुंचे युवक पर हमले का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


घुघली, महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में जमीन के लेन-देन को लेकर उत्पन्न विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।


पीड़ित राजेश पुत्र मोलई ने घुघली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता ने गांव के एक व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री के समय दो डिसमिल अतिरिक्त भूमि देने का आश्वासन देकर 70 हजार रुपये भी लिए गए थे। बाद में न तो अतिरिक्त भूमि का बैनामा कराया गया और न ही ली गई धनराशि लौटाई गई।


राजेश का कहना है कि जब वह इस संबंध में बातचीत और समाधान के उद्देश्य से संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों और हथौड़ी से किए गए हमले में उन्हें चोटें आईं।


पीड़ित के अनुसार घटना के दौरान आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।


घुघली थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *