नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


घुघली / महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पड़री खुर्द गांव के समीप स्थित नहर में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में उतराते शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी संबंधी सूचनाओं का मिलान कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। शव मिलने की खबर से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।


घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *