हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर। होली पर्व की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे एक सिपाही की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना कुसम्ही जंगल के पास की है, जहां तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय विवेक कुमार सिंह, पुत्र नागमणि सिंह, निवासी सोहनरिया गांव, थाना तरकुलवा, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। वह गोरखपुर स्थित एडीजी कार्यालय में तैनात थे। होली के अवसर पर सुबह आठ बजे से उनकी रिजर्व ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोपहर में वह बाइक से अपने घर के लिए रवाना हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुसम्ही जंगल के समीप तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने अचानक उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सिपाही की असामयिक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि विवेक कुमार सिंह ने कुछ माह पूर्व अपनी बहन की शादी की जिम्मेदारी पूरी की थी और अब उनकी स्वयं की शादी की तैयारियां चल रही थीं। होली के दिन यह दुखद खबर पूरे क्षेत्र को गमगीन कर गई।


