सीएमओ के औचक निरीक्षण में खुली सीएचसी परतावल की पोल, अधीक्षक समेत 10 कर्मचारी गैरहाजिर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नवनाथ नगर ने शनिवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब अधीक्षक सहित 10 चिकित्सक एवं कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।


सुबह करीब 8 बजे सीएमओ के अचानक अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। उपस्थिति रजिस्टर और विभिन्न विभागों का निरीक्षण करने पर कई जिम्मेदार कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए। गैरहाजिर कर्मचारियों में अस्पताल अधीक्षक अमित कुमार का नाम भी शामिल है।


अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएमओ डॉ. नवनाथ नगर ने सभी अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही उनका एक दिन का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए गए।


निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सीएमओ की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने निरीक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं। लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *