फोरलेन के डिवाइडर पर सोए मजदूर को डंपर ने मिट्टी में दबाया, दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश गोरखपुर


गोरखपुर। गुलरिया थाना क्षेत्र के भटहट बासस्थान रोड पर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। सड़क के डिवाइडर पर सो रहे मजदूर के ऊपर डंपर चालक ने मिट्टी गिरा दी, जिससे वह मिट्टी में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिधवा गांव निवासी मिटू पुत्र जनार्दन के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने ससुराल क्षेत्र तरकुलहा के पास रहकर मजदूरी करता था।


जानकारी के अनुसार बुधवार रात वह भटहट दलाल चौराहे के समीप निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर सो गया था। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि वह नशे की हालत में था और इसी कारण सड़क के बीच बने डिवाइडर पर ही लेट गया। देर रात निर्माण कार्य में लगी डंपर गाड़ी ने डिवाइडर पर मिट्टी डालते समय उसे नहीं देखा और उसके ऊपर ही मिट्टी गिरा दी।


घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब सड़क निर्माण के लिए मिट्टी समतल की जा रही थी। मिट्टी के ढेर से मानव पैर का हिस्सा बाहर दिखाई देने पर मजदूरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर डंपर चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त डंपर (नंबर UP 32 RN 4276) को भी कब्जे में ले लिया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भटहट क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और पिकेट ड्यूटी रहती थी, जिससे सड़क किनारे या डिवाइडर पर सोए लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया जाता था। लोगों ने इस घटना को लेकर निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *