मदरसे में दाखिले से नाराज किशोरी घर छोड़कर निकली, पुलिस तलाश में जुटी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/ महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार किशोरी पिछले कुछ दिनों से मदरसे में दाखिले को लेकर असंतुष्ट बताई जा रही थी। बुधवार को वह घर से स्कूटी लेकर निकली और परतावल चौराहे तक पहुंची। वहां उसने अपनी स्कूटी एक दुकान के पास खड़ी कर दी। इसके बाद वह बस में सवार होकर गोरखपुर की दिशा में चली गई।


चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में किशोरी की गतिविधियां सामने आई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उसके संभावित ठिकानों और यात्रा मार्ग का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं परिजन भी अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे हैं।


श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से किशोरी की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *